कोरबा 9 अगस्त 2026। कोरबा में युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने करीब चार महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि चार महीने पहले आरोपी युवक ने युवती को अकेला पाकर उसके साथ मारपीट करने के बाद मोबाइल लूटकर फरार हो गया था। पीड़ित युवती की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान करने के बाद उसकी गिरफ्तारी की है।
जानकारी के मुताबिक लूट की ये वारदात सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र में घटित हुई थी। पुलिस ने खुलासा किया कि पीड़िता कुमारी पूनम राय बाल विहार स्कूल के पास पंपहाउस इलाके की रहने वाली हैं। 30 मार्च की रात वह अपना काम खत्म कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान बुधवारी रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर रेलवे लाइन की तरफ से एक युवक आया।
आरोप है कि युवक ने युवती को जबरन रेलवे पटरी की ओर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद करीब 15 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन छीनकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान रामा सोरी के रूप में की। पुलिस के मुताबिक आरोपी बुधवारी बाजार स्थित जैन मंदिर के पीछे बस्ती का रहने वाला है। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से उसके संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने 9 अगस्त को घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन लूटने की बात स्वीकार की।
आरोपी के कब्जे से पीड़िता से लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। विवेचना के दौरान पुलिस को यह तथ्य सामने आया कि मोबाइल लूटने के लिए आरोपी ने पीड़िता के खिलाफ आपराधिक बल का इस्तेमाल किया था। इसके बाद मामले में प्रारंभिक धाराओं में बदलाव करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) जोड़ी गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


