कोरबा 16 सितंबर 2026। कोरबा में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग को लेकर दो युवकों के बीच विवाद के बाद एक 17 वर्षीय किशोर पर कैंची से हमला करने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में किशोर की आंख के नीचे गंभीर चोट आई है। घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में 18 वर्षीय सागर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि आरोपी सागर यादव एक नाबालिग किशोरी से बातचीत करता था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद किशोरी ने सागर से बातचीत बंद कर दी। इसके बाद वह 17 वर्षीय किशोर से बातचीत करने लगी। इसकी जानकारी मिलने के बाद सागर ने किशोर को बुलाया। उसने नााबालिग से अपनी गर्लफ्रेंड से बातचीत बंद करने और उससे दूर रहने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपने साथ लाई कैंची से किशोर के चेहरे पर हमला कर दिया।
कैंची का वार उसकी आंख के नीचे लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद किशोर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी सागर यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे किशोरी से बातचीत को लेकर दोनों युवकों के बीच हुआ विवाद मुख्य वजह बताया जा रहा है।


