रायपुर/बिलासपुर 7 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा पर प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ों रुपये लेने का आरोप लगाकर सुर्खियों में आए होटल कारोबारी दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बार मामला कथित ब्लैकमेलिंग और AI के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने से जुड़ा है। पुलिस का आरोप है कि दीपक टंडन लोगों की तस्वीरों को एडिट कर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री प्रकाशित कर संबंधित लोगों पर दबाव बनाता और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश करता था। पुलिस ने आरोपी को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनकी तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें तैयार की गईं। इन खबरों को न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान दीपक टंडन की भूमिका सामने आने के बाद उसकी तलाश की गई। लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम ने 6 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। इनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन मोबाइल में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। अब डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित तौर पर इस सामग्री का इस्तेमाल किन लोगों को ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। पुलिस आरोपी के खिलाफ पहले दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी भी खंगाल रही है। साथ ही कथित ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
क्या है DSP कल्पना वर्मा से जुड़ा विवाद ?
दीपक टंडन इससे पहले तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद को लेकर भी चर्चा में आया था। होटल कारोबारी ने आरोप लगाया था कि कल्पना वर्मा ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लिए।दूसरी ओर, कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा था कि टंडन ने सोशल मीडिया से उनकी तस्वीरें निकालकर फर्जी चैट तैयार की हैं। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी। उनका आरोप था कि पैसे वापस नहीं कर पाने के कारण टंडन ने उन्हें बदनाम करने की कोशिश की।
दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, मौजूदा गिरफ्तारी मणीशंकर पांडेय की शिकायत और कथित डिजिटल ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामले में हुई है। इसे पुराने विवाद के आरोपों की पुष्टि नहीं माना जा सकता। अब पुलिस की जांच का फोकस जब्त मोबाइल में मिले डिजिटल साक्ष्यों, कथित वसूली के नेटवर्क और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका पर है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि AI से तैयार की गई आपत्तिजनक सामग्री के जरिए कितने लोगों को निशाना बनाया गया और कथित ब्लैकमेलिंग का दायरा कितना बड़ा है।


