रायपुर 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के परिवार से जुड़ी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े दुर्ग जिले के जामगिरी स्थित विट्ठल ग्रीन्स रियल एस्टेट प्रोजेक्ट पर कब्जे की कार्रवाई की। इस दौरान 30 प्लॉट और फ्लैट को सीज करने की प्रक्रिया पूरी की गई। ईडी का दावा है कि शराब घोटाले से अर्जित कथित अवैध रकम में से 18.9 करोड़ रुपये इस परियोजना में निवेश किए गए थे।ईडी की रायपुर जोनल ऑफिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति जब्ती का बोर्ड लगाया और कुर्की से संबंधित आदेश चस्पा किया।
एजेंसी के मुताबिक, पीएमएलए की न्याय निर्णायक प्राधिकरण ने मार्च 2026 में संपत्तियों की अस्थायी कुर्की के आदेश की पुष्टि कर दी थी। इसके बाद अब कब्जे की प्रक्रिया पूरी की गई है। ईडी के अनुसार, विट्ठल ग्रीन्स परियोजना को चैतन्य बघेल ने अपनी स्वामित्व वाली फर्म बघेल डेवलपर्स के माध्यम से विकसित किया था। एजेंसी का आरोप है कि कथित शराब सिंडिकेट से मिली रकम को रियल एस्टेट कारोबार में निवेश कर वैध संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की गई। ईडी ने इस परियोजना का कुल मूल्य 26.43 करोड़ रुपये आंका है। इसमें जमीन की कीमत 9.49 करोड़ रुपये और विकास कार्यों की लागत 16.95 करोड़ रुपये बताई गई है। एजेंसी का दावा है कि परियोजना में शराब घोटाले से जुड़ी 18.9 करोड़ रुपये की रकम लगाई गई।
पहले 61.20 करोड़ की संपत्तियां कुर्क कर चुकी है ED
चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों पर ईडी की यह पहली कार्रवाई नहीं है। नवंबर 2025 में एजेंसी ने पीएमएलए के तहत 61.20 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की थीं। इनमें 59.96 करोड़ रुपये मूल्य के 364 आवासीय प्लॉट और कृषि भूमि के टुकड़े शामिल थे। इसके अलावा 1.24 करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस और फिक्स्ड डिपॉजिट भी कुर्क किए गए थे। इस कार्रवाई की पुष्टि मार्च 2026 में पीएमएलए की न्याय निर्णायक प्राधिकरण ने की थी। आपको बता दे शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में ईडी ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था। जनवरी 2026 में उन्हें जमानत पर रिहाई मिली। ईडी ने अपनी जांच में चैतन्य पर कथित शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर भूमिका निभाने और अवैध रकम को रियल एस्टेट कारोबार में निवेश करने का आरोप लगाया है। ये एजेंसी के आरोप हैं, जिनका अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया में होना है।
ED की कार्रवाई पर फिर आमने-सामने आ सकते हैं BJP और कांग्रेस
चैतन्य बघेल के खिलाफ ईडी की कार्रवाई का राजनीतिक महत्व भी है। मामला पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के बेटे से जुड़ा है। भूपेश बघेल पहले भी अपने परिवार के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी नेतृत्व वाला केंद्र राजनीतिक कारणों से उनके परिवार को निशाना बना रहा है। दूसरी ओर, ईडी अपनी जांच में मनी लॉन्ड्रिंग और कथित शराब घोटाले से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगा रही है। ऐसे में विट्ठल ग्रीन्स प्रोजेक्ट पर कब्जे की ताजा कार्रवाई से छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज होने के आसार हैं। हालांकि, पीएमएलए के तहत किसी संपत्ति पर कब्जा लेने का मतलब उसका सरकार के नाम अंतिम हस्तांतरण नहीं है। संपत्ति की अंतिम जब्ती का फैसला कानूनी प्रक्रिया और मुकदमे के परिणाम पर निर्भर करेगा।


