रायपुर 15 नवंबर 2026। नेताओं, मंत्रियों और बड़े अफसरों से करीबी का दावा… SECL में ठेका दिलाने का भरोसा… और बदले में लाखों रुपये की वसूली। छत्तीसगढ़ में कथित ठगी के ऐसे ही मामलों में आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कोरबा स्थित SECL में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपये लेने के आरोप में तेलीबांधा पुलिस ने दो नई FIR दर्ज की हैं। इन दो मामलों के सामने आने के बाद दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में दर्ज FIR की संख्या आठ हो गई है। पुलिस के मुताबिक, 11 अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में VIP रोड स्थित होटल वेलकम श्री में मुलाकात के दौरान दीपक ने खुद को बड़े नेताओं और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताया था। आरोप है कि इसी पहचान और प्रभाव का हवाला देकर उसने SECL कोरबा में काम दिलाने का भरोसा दिया और दो शिकायतकर्ताओं से कुल 56 लाख रुपये ले लिए। पहली FIR कमल विहार निवासी विकास कुमार नागले की शिकायत पर दर्ज की गई है। विकास रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप में मैनेजर हैं। शिकायत के मुताबिक, मई 2022 में एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर के माध्यम से उनकी पहचान दीपक से हुई थी। जुलाई 2022 में दीपक ने होटल वेलकम श्री के पास उनसे 25 लाख रुपये नकद लिए और बदले में यस बैंक का चेक दिया।
दूसरी FIR एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर ने दर्ज कराई है। सेजबहार निवासी श्याम के मुताबिक, जून 2022 में दीपक ने उनसे 31 लाख रुपये लिए थे। इसके बदले 3 अगस्त 2022 की तारीख का चेक दिया गया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि लाखों रुपये देने के बावजूद उन्हें न तो SECL में काम मिला और न ही रकम वापस हुई। कई महीने तक दीपक अधिकारियों से बातचीत जारी होने का हवाला देकर उन्हें टालता रहा। बाद में रकम की गारंटी के तौर पर दिए गए दोनों चेक बैंक में लगाए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गए।
आठ FIR, 11 शिकायतें जांच के दायरे में
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर में पांच FIR दर्ज हैं। इसके अलावा बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में एक-एक मामला दर्ज किया गया है। इस तरह कुल आठ FIR हो चुकी हैं। वहीं, 11 अन्य शिकायतों की जांच जारी है। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि दीपक कभी खुद को SECL का अधिकारी तो कभी CMD का करीबी बताकर लोगों को ठेका दिलाने का झांसा देता था। पैसे वापस मांगने पर होटल में बंधक बनाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी शिकायतों में लगाए गए हैं। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। पुलिस के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि कथित तौर पर ठेका दिलाने के नाम पर कितने लोगों से रकम ली गई और इन शिकायतों के पीछे क्या पूरा नेटवर्क काम कर रहा था। फिलहाल तेलीबांधा पुलिस दोनों नए मामलों की जांच कर रही है।


