सक्ती 8 अक्टूबर 2026। जिले के चंद्रपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 9वीं के छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों की शिकायत पर चंद्रपुर पुलिस ने स्कूल के प्राचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि प्राचार्य ने छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। घटना में छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट आने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम तिलाईपाली निवासी शशिभूषण गुप्ता का बेटा क्षत्रपति गुप्ता चंद्रपुर के सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 9वीं में पढ़ता है और स्कूल के हॉस्टल में रहता है। आरोप है कि 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे छात्र हॉस्टल के बाथरूम के पास अपने क्लासमेट से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान स्कूल के प्रिंसिपल जगन्नाथ नायक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने छात्र के साथ गाली-गलौज की और उसके बाद मारपीट शुरू कर दी।
परिजनों की शिकायत के अनुसार, प्रिंसिपल ने छात्र को हाथ-मुक्के से पीटा और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इससे उसके सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट आई। घटना के बाद छात्र ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों के मुताबिक, जानकारी मिलने के बाद वे रात करीब 10 बजे स्कूल पहुंचे और इसके बाद चंद्रपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने छात्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राचार्य के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े लोगों के बयान लिए जा रहे हैं और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद छात्र के परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। मारपीट के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


