भिलाई 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और दो टैंकर आग की चपेट में आ गए। केमिकल की मौजूदगी के चलते आग तेजी से फैल गई। हालात इतने गंभीर हैं कि आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री के अंदर से रुक-रुककर तेज धमाकों की आवाजें आ रही हैं। दमकल की कई टीमें मौके पर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं।
आग के बाद फैक्ट्री से निकल रहा काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा है। पूरे इलाके में धुएं के कारण दहशत का माहौल है। केमिकल से भरे ड्रम गर्मी के कारण फट रहे हैं, जिससे लगातार धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है। केमिकल फैक्ट्री में लगी आग को नियंत्रित करने में दमकल टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आग बुझाने के लिए पानी के बजाय फोम का इस्तेमाल किया जा रहा है। मौके पर मौजूद फोम के जल जाने के बाद CISF की टीम ने अतिरिक्त फोम की व्यवस्था कराई। वहीं बचे हुए केमिकल ड्रमों को धमाकों के खतरे को कम करने के लिए JCB की मदद से फैक्ट्री परिसर से बाहर निकाला जा रहा है।
धमाकों के बीच अंदर जाना मुश्किल, मजदूरों के घायल होने की आशंका
आग की विकराल लपटों और लगातार हो रहे धमाकों के कारण रेस्क्यू टीमों के लिए फैक्ट्री के अंदर जाना मुश्किल बना हुआ है। प्रारंभिक जानकारी में कुछ मजदूरों के घायल होने की आशंका जताई गई है, हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छावनी क्षेत्र के CSP प्रशांत कुमार पैकरा के मुताबिक प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें युद्धस्तर पर रेस्क्यू और आग बुझाने के अभियान में जुटी हैं।
पड़ोसी सुप्रीम इंडस्ट्रीज के मालिक के.एस. के मुताबिक, आग सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच लगी। घटना के बाद आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों ने भी मदद के लिए अपने संसाधन उपलब्ध कराए और आग बुझाने के लिए पानी मुहैया कराया। फिलहाल CISF, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हैं। सबसे बड़ी चुनौती फैक्ट्री में मौजूद केमिकल और लगातार हो रहे धमाकों के बीच आग को नियंत्रित करना है।


