रायपुर 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के IPS अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत संतोष सिंह को CISF में DIG के तौर पर दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था की कमान सौंपी गई है। सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो को राष्ट्रीय राजधानी की लाइफलाइन कहा जाता है। दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के आसपास के शहरों को जोड़ने वाले इस बड़े नेटवर्क में रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था संभालना बेहद अहम जिम्मेदारी मानी जा रही है। हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज होने की बात सामने आई थी।
यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशनों और मेट्रो नेटवर्क की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व अब संतोष सिंह के पास होंगे। आपको बता दे IPS संतोष सिंह को छत्तीसगढ़ में लंबे पुलिसिंग अनुभव के लिए जाना जाता है। वे प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में SP/SSP के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP भी रह चुके हैं। यानी छत्तीसगढ़ के कुल 11 जिलों में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालने का अनुभव उनके पास है।
सामुदायिक पुलिसिंग और ‘निजात’ अभियान से मिली पहचान
IPS संतोष सिंह को परिपक्व और संवेदनशील पुलिसिंग के साथ सामुदायिक पुलिसिंग के प्रयोगों के लिए भी जाना जाता है। छत्तीसगढ़ में उनके कार्यकाल के दौरान ‘निजात’ अभियान के जरिए नशे के खिलाफ कार्रवाई और जागरूकता को लेकर भी काफी चर्चा हुई। दिल्ली मेट्रो से पहले संतोष सिंह CISF के DIG South Zone-II, हैदराबाद के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस दौरान वे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के महत्वपूर्ण बंदरगाहों की सुरक्षा से जुड़े दायित्व देख रहे थे।
अब दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती
छत्तीसगढ़ में जिला पुलिसिंग से लेकर औद्योगिक और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा तक का अनुभव रखने वाले संतोष सिंह के सामने अब दिल्ली मेट्रो जैसे बड़े और संवेदनशील नेटवर्क की सुरक्षा की चुनौती है। लाखों यात्रियों की रोजाना आवाजाही के बीच सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और किसी भी संभावित खतरे से निपटना उनकी नई जिम्मेदारी का अहम हिस्सा होगा। छत्तीसगढ़ कैडर के IPS अधिकारी को राजधानी की इतनी महत्वपूर्ण सुरक्षा जिम्मेदारी मिलना उनके पुलिसिंग करियर में एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।


