जशपुर 6 सितंबर 2026। जशपुर जिले में एक सनकी युवक ने एकतरफा प्रेम में लड़की की मां की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर इस वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी के बात नहीं करने और मां द्वारा उसे परेशान करने से रोकने पर आरोपी नाराज था। इसी नाराजगी में उसने महिला पर टांगिया से हमला कर हत्या कर फरार हो गया था।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव का है। पुलिस के मुताबिक 3 सितंबर को धनमनी बाई का पति दोपहर करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद मवेशियों को चराने जंगल चला गया था। उस समय महिला घर में अकेली थी। शाम करीब 6 बजे जब पति वापस लौटा तो धनमनी बाई घर के अंदर जमीन पर पड़ी मिलीं। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट थी और पास में टांगिया पड़ा हुआ था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। आस्ता पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पता चला कि अवधेश राम कुछ दिन पहले धनमनी बाई के घर आया था और उसका महिला के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह अपने गांव कोमडो स्थित घर पर नहीं मिला। तकनीकी टीम की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। पता चला कि आरोपी झारखंड के रायडीह में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम रायडीह पहुंची और उसे हिरासत में लेकर जशपुर लाई।
बेटी को परेशान करने से रोकती थी मां
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि अवधेश राम धनमनी बाई की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी उससे बातचीत नहीं करना चाहती थी। वहीं, धनमनी बाई भी आरोपी को अपनी बेटी से दूर रहने और उसे परेशान नहीं करने के लिए कहती थीं। पुलिस का कहना है कि इसी बात से आरोपी नाराज था। वह महिला के घर पहुंचा और इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में उसने घर में रखे टांगिया से धनमनी बाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
24 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद झारखंड के रायडीह से उसकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस के मुताबिक, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।


