कोरबा 13 नवंबर 2026। कोरबा जिले में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां कटघोरा से बांकीमोंगरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर आज शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से टकराकर पलट गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की जहां मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 8131 में सवार रूपेश और आर्यन चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा जा रहे थे। सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के दोनों एयरबैग खुल गए। टक्कर से वाहन के पहिए और अन्य हिस्से टूटकर अलग हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों घायल युवकों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रूपेश पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि आर्यन को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक रूपेश पटेल ग्राम चाकाबुड़ा का निवासी था, जबकि घायल आर्यन गोंड ग्राम बुंदेली का रहने वाला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


