रायपुर 13 नवंबर 2026। राजनीति में सत्ता बदलते ही कई बार मुद्दे वही रहते हैं, लेकिन सवाल पूछने वाले चेहरे बदल जाते हैं। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की एक महीने से जारी हड़ताल के बीच अब कुछ ऐसा ही सियासी नजारा देखने को मिल रहा है। विपक्ष में रहते हुए पटवारियों के आंदोलन का समर्थन करने वाले भाजपा नेताओं को कांग्रेस अब उन्हीं के पुराने बयानों की याद दिला रही है। कांग्रेस ने डिप्टी सीएम अरुण साव का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर पूछा है कि आखिर सत्ता में आने के बाद उनकी आवाज क्यों बदल गई ? कांग्रेस ने एक्स पर लिखा कि…..“विपक्ष में बड़े-बड़े भाषण, सत्ता मिलते ही चुप्पी क्यों…? आज सत्ता आपकी हैं, आप प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं। पटवारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी आवाज आपको आज क्यों सुनाई नहीं दे रही है।”
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर से प्रदेशभर के पटवारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। दूसरी ओर, सरकार ने आंदोलन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रदेशभर में अब तक 3,912 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। 141 पटवारी निलंबित किए गए हैं, जबकि 336 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। इसी बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर अरुण साव का पुराना वीडियो पोस्ट किया है। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए अरुण साव पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में पटवारियों के आंदोलन में शामिल हुए थे। उस समय उन्होंने तत्कालीन सरकार पर निशाना साधते हुए पटवारियों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाई थी।
अब कांग्रेस उसी वीडियो को सामने रखकर सवाल कर रही है कि जब पटवारियों की मांगें तब जायज थीं, तो आज सत्ता में रहते हुए उन पर पहल क्यों नहीं हो रही है? कांग्रेस ने वीडियो के साथ तंज कसते हुए लिखा है- ‘अरुण साव जी… विपक्ष में बड़े-बड़े भाषण, सत्ता मिलते ही चुप्पी क्यों ?’ छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सवाल किया है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पटवारियों के समर्थन में तत्कालीन सरकार को घेरने वाले अरुण साव अब उपमुख्यमंत्री हैं, फिर भी हड़ताल खत्म कराने के लिए उनकी ओर से वैसी पहल क्यों दिखाई नहीं दे रही ? कांग्रेस ने उनसे अपनी पुरानी बातों और वादों को याद करते हुए सरकार से पटवारियों की मांगें पूरी कराने की अपील की है।
पुराने बयान बने नए राजनीतिक हथियार
पटवारियों की हड़ताल अब केवल कर्मचारी संगठनों और सरकार के बीच का विवाद नहीं रह गई है। यह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा भी बनती जा रही है। कांग्रेस पुराने वीडियो के सहारे भाजपा नेताओं को उनके ही पुराने बयानों के सामने खड़ा कर रही है।राजनीति का यह विरोधाभास भी कम दिलचस्प नहीं है। विपक्ष में रहते हुए जिन सवालों को लेकर नेता सरकार से जवाब मांगते हैं, सत्ता में आने के बाद उन्हीं सवालों पर उन्हें खुद सफाई देनी पड़ती है। अब कांग्रेस इसी अंतर को रेखांकित कर रही है। हालांकि, पुराने वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे राजनीतिक आरोपों पर डिप्टी सीएम अरुण साव या सरकार की प्रतिक्रिया सामने आना भी महत्वपूर्ण होगा।
इस राजनीतिक बहस के बीच पटवारियों की हड़ताल का असर आम लोगों पर भी पड़ रहा है। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, राजस्व रिकॉर्ड में सुधार और किसानों से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में जनता के लिए यह जानना ज्यादा जरूरी है कि सरकार और पटवारी संघ के बीच समाधान कब निकलेगा। फिलहाल एक तरफ सरकार की कार्रवाई जारी है, दूसरी तरफ कांग्रेस पुराने बयानों को मुद्दा बनाकर हमलावर है। सवाल यह है कि क्या पटवारियों की मांगों पर कोई ठोस रास्ता निकलेगा या फिर यह विवाद पुराने वीडियो, नए आरोपों और राजनीतिक जवाबी हमलों के बीच ही उलझा रहेगा?
अरुण साव जी..विपक्ष में बड़े-बड़े भाषण, सत्ता मिलते ही चुप्पी क्यों..?
जब आप भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे, तब पटवारियों के आंदोलन में जाकर बड़ी-बड़ी बातें करते थे, उस समय की सरकार को निर्लज्ज बताते थे और उनकी मांगों के समर्थन में आवाज उठाते थे।
आज सत्ता आपकी हैं,आप प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं। पटवारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी आवाज आपको आज क्यों सुनाई नहीं दे रही है।
सत्ता मिलते ही आंख और कान काम करना बंद कर दिए क्या…?
पूरा पटवारी संघ इंतजार कर रहा है कि आप विपक्ष में किए गए अपने वादों को याद करें और अपनी ही भाजपा सरकार से उनकी जायज मांगें पूरी कराएं। और पटवारियों का हड़ताल समाप्त करवाए।
@BJP4CGState @ArunSao3— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) November 12, 2026


