कोरबा 24 सितंबर 2026। कोरबा जिले के ग्राम बगबुड़ा में आदिवासी किसान परदेशीराम कंवर द्वारा कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या किए जाने के मामले में अब नया तथ्य सामने आया है। घटना के बाद सामने आई खबरों में किसान के बेटे ने कर्ज और अकेले खेती का काम संभालने के कारण पिता के परेशान रहने की बात कही थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की तथ्यात्मक जानकारी जुटाने के लिए जांच कराई। जांच के दौरान तहसीलदार भैसमा, संबंधित हल्का पटवारी, ग्राम सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक के परिवार के सदस्यों के बयान लिए गए। प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक मृतक की पत्नी और बहू ने किसान के कर्ज के बोझ से परेशान होने की बात से इनकार किया है।
गौरतलब है कि उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगबुड़ा निवासी 51 वर्षीय किसान परदेशीराम कंवर ने रविवार को कीटनाशक का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर किसान को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किसान की मौत के तीन दिन बाद इस मामले को मीडिया ने बेटे के बयान के आधार पर प्रमुखता से उठाया। मृतक के बेटे के बयान के आधार पर खबरों में किसान पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज होने और खेती-किसानी के काम को लेकर परेशान रहने की बात सामने आई थी। मीडिया में खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कराई। राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी और बहू ने किसान के कर्ज को आत्महत्या का कारण बताए जाने से इनकार किया। प्रशासन की टीम ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई भी की। मृतक की पत्नी ननकी नोनी कंवर ने प्रशासन को दिए बयान में बताया कि उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी है। एक बेटा और बेटी विवाहित हैं। उनके पति खेती-किसानी का काम करते थे। उन्होंने बताया कि खेती के काम में परिवार के सदस्यों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाने के कारण उनके पति काम को लेकर परेशान रहते थे। एक बेटा मजदूरी करता है, जबकि एक बेटा पढ़ाई कर रहा है। खेती के काम में सहयोग नहीं मिलने की बात वे अक्सर परिवार के बीच कहते थे। प्रशासन के मुताबिक, इसी क्रम में उन्होंने कीटनाशक का सेवन कर लिया। हालांकि परिवार ने आत्महत्या का कोई एक स्पष्ट कारण होने की जानकारी नहीं दी है।
बहू ने भी कर्ज की बात से किया इनकार
मृतक की बहू दुर्गा कंवर ने भी प्रशासन के समक्ष बयान दिया कि परदेशीराम कंवर किसी कर्ज को लेकर परेशान नहीं थे। उनके मुताबिक, किसान खुद ही खेती का अधिकांश काम संभालते थे और कृषि कार्य के अधिक बोझ के कारण तनाव में रहते थे। बहू ने भी खेती-किसानी में परिवार के अन्य सदस्यों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात कही।


