राजनांदगांव, 22 अक्टूबर 2026। दशहरे पर शस्त्र पूजा के दौरान राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा के AK-47 से हवाई फायरिंग करने का मामला अब चर्चा में है। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और इस पर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं आने के बाद पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने एसपी अंकिता शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने बताया कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दशहरे पर शस्त्र पूजा की परंपरा के तहत पुलिस थानों और पुलिस लाइन में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान शस्त्रों की पूजा के बाद हर्ष फायरिंग भी की जाती है। इस बार भी प्रदेश के कई जिलों में पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK-47 राइफल से हवाई फायरिंग की। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस दौरान 8 से 9 राउंड फायर किए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हथियार चलाने के तरीके और सुरक्षा इंतजामों को लेकर बहस शुरू हो गई।
राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने मीडिया से चर्चा में बताया कि एसपी की हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं आई हैं। पुलिस मुख्यालय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए गरिमा और सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्पष्टीकरण मांगा है। आईजी के मुताबिक, एसपी अंकिता शर्मा का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में अंतिम कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी उठाए सवाल
वायरल वीडियो पर भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हथियार संभालने के तरीके और फायरिंग के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि लोडेड हथियार को संभालते समय सावधानी बरतना और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जरूरत भी बताई थी। अब पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी नोटिस के बाद एसपी अंकिता शर्मा के स्पष्टीकरण का इंतजार है। उनके जवाब के आधार पर ही मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।


