राजनांदगांव 4 नवंबर 2026: राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाने में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 लाख रुपये के निजी लोन के सेटलमेंट के मामले में प्रधान आरक्षक किशोर यादव द्वारा 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय प्लान के मुताबिक प्रार्थी पहली किस्त के तौर पर 20 हजार रुपये लेकर थाने पहुंचा। जैसे ही प्रधान आरक्षक ने रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा।
एसीबी की टीम प्रधान आरक्षक से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।


