नई दिल्ली 16 जुलाई 2026। ट्रेन टिकट बुकिंग को पहले से तेज और आसान बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। नए पोर्टल में यूजर इंटरफेस (UI) को पूरी तरह बदला गया है, ताकि यात्रियों को एयरलाइन टिकट बुकिंग जैसी सरल और तेज सुविधा मिल सके। वेबसाइट को फिलहाल बीटा टेस्टिंग के लिए जारी किया गया है और यूजर्स के फीडबैक के आधार पर इसमें आगे और सुधार किए जाएंगे।
नई वेबसाइट का सबसे बड़ा बदलाव इसका क्लटर-फ्री डिजाइन है। अब होमपेज पर अनावश्यक पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और बार-बार आने वाले कैप्चा को काफी हद तक कम किया गया है। इससे खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान समय की बचत होगी और यूजर का अनुभव बेहतर होगा।
एक स्क्रीन पर मिलेंगे सभी जरूरी विकल्प
नई वेबसाइट में सीट उपलब्धता, अलग-अलग क्लास, किराया और बुकिंग से जुड़े कई विकल्प एक ही स्क्रीन पर दिखाई देंगे। पहले इन जानकारियों के लिए अलग-अलग पेज खोलने पड़ते थे, लेकिन अब कम क्लिक में पूरी प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इससे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक सहज और तेज होने की उम्मीद है।
एयर टिकट बुकिंग जैसा अनुभव
IRCTC ने वेबसाइट को आधुनिक ट्रैवल पोर्टल की तरह डिजाइन किया है। साफ-सुथरा इंटरफेस, बेहतर नेविगेशन और कम चरणों में बुकिंग पूरी करने की सुविधा इसे एयरलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म जैसा अनुभव देती है। इसका उद्देश्य पहली बार टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए भी प्रक्रिया को आसान बनाना है।
तत्काल टिकट बुकिंग होगी आसान
रेलवे के अनुसार, नई वेबसाइट की क्षमता भी बढ़ाई गई है ताकि अधिक संख्या में यूजर एक साथ लॉगिन और टिकट बुक कर सकें। इससे तत्काल (Tatkal) टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, पेज लोड होने की गति भी पहले से तेज की गई है। इसके अलावा फूड बुकिंग के लिए MEALS का विकल्प, E-Wallet का ऑप्शन भी ऊपर ही मिलता है। OTHER ऑप्शन में आपको बस, फ्लाइट, होटल बुकिंग का विकल्प मिल जाता है।
बीटा वर्जन में लिया जाएगा फीडबैक
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह अभी बीटा वर्जन है। यानी वेबसाइट को अंतिम रूप देने से पहले यात्रियों से मिलने वाले सुझावों और अनुभवों के आधार पर इसमें और बदलाव किए जाएंगे। इसके बाद इसे सभी उपयोगकर्ताओं के लिए पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा।
रेलवे का मानना है कि नई वेबसाइट से टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनेगी। खासकर उन यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें मौजूदा वेबसाइट पर धीमी गति, जटिल इंटरफेस और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

