रायपुर 17 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का दौर जारी है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव के बीच कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए कई क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
MCB में 708.4 मिमी औसत बारिश
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भी मानसून मेहरबान रहा है। 1 जून से 16 अगस्त तक जिले में औसतन 708.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। भू-अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के अनुसार जिले की अलग-अलग तहसीलों में बारिश के आंकड़ों में काफी अंतर दर्ज किया गया है। मनेन्द्रगढ़ तहसील में सबसे ज्यादा 841.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके बाद चिरमिरी में 804.2 मिमी, कोटाडोल में 748.5 मिमी और भरतपुर में 725.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है। वहीं खड़गवां में 579.5 मिमी और केल्हारी तहसील में सबसे कम 551.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बारिश के साथ बढ़ी सतर्कता
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। पहाड़ी और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता की जरूरत है। मौसम विभाग के अगले तीन दिनों के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों को नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और अगले तीन दिन बारिश के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। खासकर जिन इलाकों में पहले से अच्छी बारिश हो चुकी है, वहां भारी बारिश की स्थिति में स्थानीय स्तर पर जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


