जशपुर 8 नवंबर 2026। जशपुर जिले में पांच साल के मासूम बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिन से लापता बच्चे का शव गांव से दूर खेत में एक गड्ढे में मिला। शव बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ था। बच्चे के शरीर पर चोट और अंग गायब होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौप दिया है और एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मामला सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम लोढ़ेनापाठ का है। बताया जा रहा है कि बच्चा पिछले दो दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गांव से दूर खेत में बने गड्ढे में उसका शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही सन्ना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में वासुदेव टांगनु नाम के एक संदेही को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि संदेही और मृतक के पिता आपस में ममेरे भाई हैं।
फिलहाल बच्चे की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी संबंधों, घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे। पांच साल के बच्चे के साथ हुई इस वारदात से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


