रायपुर 4 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार अब तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट बारिश और उमस भरे मौसम के बीच अब मौसम विभाग ने राहत भरी संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक 4 अगस्त से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में भारी वर्षा और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय हो रहे मानसूनी सिस्टम के कारण अगले 48 घंटों में बारिश का दायरा और उसकी तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं। इससे कृषि कार्यों के साथ-साथ जलाशयों में भी पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को रायपुर में बादलों के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा बलरामपुर जिले में दर्ज की गई।
- रघुनाथनगर – 80 मिमी
- वाड्रफनगर – 70 मिमी
- खड़गांव – 50 मिमी
- रामानुजगंज और रामचंद्रपुर – 40-40 मिमी
इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश जिलों में केवल हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में सोमवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 4 अगस्त से मानसूनी गतिविधियां और मजबूत होंगी। ऐसे में कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है। जिन क्षेत्रों के लिए भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।


