बलरामपुर 16 जुलाई 2026। बलरामपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में टाइम-टेबल को लेकर शुरू हुआ विवाद अनुशासनहीनता की बड़ी घटना में बदल गया। आरोप है कि टाइम-टेबल को लेकर दो प्रयोगशाला सहायकों ने प्रभारी प्राचार्य और एक व्याख्याता के साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने दोनों लैब असिस्टेंट कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मामला वाड्रफनगर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसंतपुर का है। जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, प्रयोगशाला सहायक अयोध्या प्रसाद यादव और विजय कुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शिक्षा विभाग के अनुसार विद्यालय में विषयों की समय-सारणी को लेकर दोनों कर्मचारियों का प्रभारी प्राचार्य अनंत कुमार यादव और व्याख्याता इजहारूल हक अंसारी से विवाद हो गया।
आरोप है कि विद्यालयीन समय में हुए इस विवाद के दौरान दोनों कर्मचारियों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मारपीट की। घटना के बाद इसकी शिकायत जिला शिक्षा विभाग तक पहुंची, जिसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर से जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में घटना की पुष्टि होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का प्रथम दृष्टया गंभीर उल्लंघन माना।
आदेश में कहा गया है कि इस घटना से स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ, पढ़ाई बाधित हुई और विद्यार्थियों के बीच शिक्षकों की गरिमा एवं अनुशासन को लेकर गलत संदेश गया। कार्रवाई के तहत दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रामचंद्रपुर निर्धारित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्कूलों में अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण से समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों में अभद्र व्यवहार, मारपीट और अनुशासनहीनता जैसी घटनाओं के प्रति विभाग की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति रहेगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर सरकारी स्कूलों में कार्य संस्कृति और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े करती है। जिस परिसर में विद्यार्थियों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाता है, वहीं शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच इस तरह का विवाद शिक्षा व्यवस्था की छवि पर भी सवाल खड़े करता है।

