सूरजपुर 25 जुलाई 2026। 25 जुलाई 2026।सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने का मामला सामने आया हैै। प्रतापपुर विकासखंड के एक प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और मामले की जांच कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
जानकारी के मुताबिक मामला प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पहाड़करवां स्थित प्राथमिक शाला का है। आरोप है कि यहां पदस्थ एक शिक्षक कथित रूप से शराब के नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। वायरल वीडियो में शिक्षक लड़खड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल पहुंचने के बाद शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अपने मोबाइल में लोकेशन तलाश रहे थे। इस दौरान उनकी गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही थीं। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लियाए जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता होते हैं और यदि वे नशे की हालत में विद्यालय पहुंचेंगे तो इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के माहौल पर पड़ेगा। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने सरकारी स्कूलों में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि प्राथमिक स्तर पर पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों से सरकारी स्कूलों की छवि प्रभावित होती है। फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि संबंधित शिक्षक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है या नहीं। प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षक वास्तव में नशे की हालत में थे या नहीं।

