कोरबा, 6 अगस्त 2026। कोरबा एसपी ने भ्रष्टाचार के आरोपों पर सख्त रुख अपनाते हुए कटघोरा थाने में पदस्थ दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर एक युवक से कार्रवाई का डर दिखाकर कथित तौर पर रिश्वत वसूलने का आरोप था। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद एसपी ने यह कार्रवाई की है। पुलिस कप्तान के इस एक्शन के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तौर पर देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक कटघोरा थाना में पदस्थ आरक्षक प्रदीप राठौर और रामधन पटेल के खिलाफ रजकम्मा निवासी 19 वर्षीय आर्यन ध्रुव ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 3 अगस्त को वह बाइक से कटघोरा से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान कसनिया बायपास के पास पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। युवक के अनुसार उसकी बाइक की डिक्की में आठ पाव शराब रखी हुई थी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने आबकारी कार्रवाई, जेल भेजने और नकदी जब्त करने का भय दिखाकर पहले एक लाख रुपये और बाद में 20 हजार रुपये की मांग की।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उससे 10 हजार रुपये तत्काल लिए गए और शेष राशि लाने तक उसकी मोटरसाइकिल नहीं लौटाने की बात कही गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कटघोरा एसडीओपी को जांच के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि शिकायतकर्ता आर्यन ध्रुव के खिलाफ कटघोरा थाने में आबकारी अधिनियम के तहत अलग से अपराध दर्ज है, लेकिन पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानून के नाम पर अवैध वसूली या पद का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी की इस कार्रवाई को विभाग के भीतर अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस कार्रवाई से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि कानून लागू करने की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी यदि अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हैं, तो उनके खिलाफ भी उतनी ही सख्ती से कार्रवाई होगी, जितनी किसी अन्य आरोपी के खिलाफ की जाती है।


