कोरबा 5 सितंबर 2026। कोरबा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दीपका थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो नाबालिग लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक घटना दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार की है। बताया जा रहा है कि गांव में रहने वाला 16 वर्षीय करण चौहान बाइक चला रहा था, जबकि 14 वर्षीय राजा नेटी पीछे बैठा था। दोनों तिवरता से लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक एक मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में दोनों नाबालिगों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल दीपका पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों नाबालिगों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों नाबालिग हेलमेट नहीं पहने हुए थे। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। रात होने के कारण दोनों शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। शनिवार सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर के बाद दोनों नाबालिगों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है।


