कांकेर 22 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर से शिक्षक और छात्रा के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने नाबालिग छात्रा का मोबाइल नंबर लेने के बाद उसे अश्लील वीडियो भेजे और खुद के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बनाया। छात्रा को परीक्षा में फेल करने का डर दिखाने का भी आरोप है। मानसिक दबाव से परेशान छात्रा ने जब अपनी मां को पूरी बात बताई, तो मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ POCSO समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मामला बांदे थाना क्षेत्र के मरोड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल का है। आरोपी शिक्षक की पहचान आशीष मंडल (30) के रूप में हुई है। वह स्कूल में गणित पढ़ाता था और पिछले करीब 10 वर्षों से वहां पदस्थ बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को आरोपी शिक्षक ने 10वीं कक्षा की छात्रा की एक्स्ट्रा मैथ्स क्लास ली थी। इसी दौरान उसने छात्रा का मोबाइल नंबर लिया। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक छात्रा को मैसेज करने लगा और बातचीत के दौरान उसे आपत्तिजनक वीडियो भेजे। आरोप है कि शिक्षक छात्रा पर खुद के निजी फोटो और वीडियो भेजने का दबाव बनाने लगा।
छात्रा द्वारा ऐसा करने से इनकार करने पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया और परीक्षा में फेल करने का डर दिखाया गया।लगातार दबाव और कथित धमकियों से परेशान छात्रा ने आखिरकार अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद छात्रा की मां ने 20 अगस्त को बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मोबाइल में मौजूद सामग्री और बातचीत को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
POCSO समेत कई धाराओं में केस
बांदे पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ BNS की धारा 75, POCSO एक्ट की धारा 12 और IT एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जब्त मोबाइल फोन के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेश पर उसे जिला जेल कांकेर भेज दिया गया है। इस घटना ने स्कूलों में नाबालिग छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


