बिलासपुर 11 अगस्त 2026। बिलासपुर में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के सामने विवाद के बाद दो युवकों ने भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य के पति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और CCTV कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। वहीं हत्या की इस वारदात के बाद बाइक सवार युवकों ने रेलवे के एक रिटायर्ड कर्मचारी पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात तोरवा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान देवरी खुर्द निवासी बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण.पोषण करता था।। उसकी पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य रह चुकी हैं और भाजपा समर्थित बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि बबला साहू का तोरवा स्थित शराब दुकान के सामने दो युवकों से विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने बबला साहू के गले पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हत्या के बाद आरोपी कुछ देर तक मौके पर हंगामा करते रहे। इसके बाद उन्होंने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और वहां लगे CCTV कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद शराब दुकान को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की है। वारदात से पहले और बाद की CCTV फुटेज भी खंगाली जा रही है। हत्या के बाद पुलिस आरोपी युवकों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान तोरवा क्षेत्र के बूटापारा निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी कन्हैया लाल (65) पर देवरीखुर्द के एनीकट के पास बाइक सवार युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। कन्हैया लाल के गले पर चाकू से वार किया गया। गंभीर हालत में उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को आशंका है कि बुजुर्ग पर हमला करने वाले युवक वही हो सकते हैं, जिन्होंने बबला साहू की हत्या की है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एक बच्चे पर भी चाकू से हमले की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी भी पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह और लगातार सामने आ रही वारदातों के बीच किसी संभावित कनेक्शन की तस्वीर साफ हो सकेगी।


