रायपुर 2 अक्टूबर 2026। प्रदेश में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने श्री सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के सहयोग से छत्तीसगढ़ में ‘साईंश्योर न्यूट्रिशन कार्यक्रम’ के पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। रायपुर जिले के तीन शासकीय विद्यालयों से शुरू किए गए इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में करीब 500 बच्चों को निःशुल्क पोषण सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत नवीन प्राथमिक शाला नवागांव, प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल परसदा तथा शासकीय विद्यालय छेरीखेड़ी के बच्चों को साईंश्योर न्यूट्रिशन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को नियमित पौष्टिक आहार सहयोग उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य, एकाग्रता, सीखने की क्षमता और समग्र विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के तहत बच्चों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनके शारीरिक विकास के साथ-साथ पढ़ाई पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर श्री सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के ट्रस्टी आनंद कडली, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के शिक्षक, श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की टीम सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों को साईंश्योर न्यूट्रिशन का वितरण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
ट्रस्ट के अनुसार, वर्तमान में देश के 25 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में एक करोड़ से अधिक स्कूली बच्चों तक प्रातःकालीन पोषण सेवा पहुंचाई जा रही है। बताया गया कि जुलाई 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सत्य साईं ग्राम, मुद्देनहल्ली का दौरा कर सद्गुरु श्री मधुसूदन साईं से मुलाकात की थी। इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई थी। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में साईंश्योर न्यूट्रिशन कार्यक्रम शुरू करने की दिशा में पहल आगे बढ़ी।
अन्य स्कूलों तक विस्तार की तैयारी
शुभारंभ अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि पोषित बच्चा ही बेहतर तरीके से सीख सकता है। रायपुर जिले में लगभग 500 बच्चों के साथ शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट के अनुभवों का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर भविष्य में कार्यक्रम को प्रदेश के अन्य क्षेत्रों और अधिक शासकीय विद्यालयों तक विस्तारित करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि ‘साईंश्योर न्यूट्रिशन’ कार्यक्रम के जरिए शिक्षा के साथ बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को जोड़ने की पहल की गई है। पायलट प्रोजेक्ट की सफलता और इसके परिणामों के आधार पर यदि इसका विस्तार होता है, तो अधिक शासकीय विद्यालयों के बच्चों को नियमित पोषण सहयोग का लाभ मिल सकता है।


