गरियाबंद 12 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई जगहों पर तेज बहाव के कारण आवागमन प्रभावित है। इसी बीच पिछले 24 घंटे में जिले में अलग-अलग घटनाओं में दो युवक पानी के तेज बहाव में बह गए, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। दोनों घटनाओं में जिला नगर सेना और SDRF की रेस्क्यू टीमें लगातार तलाश अभियान चला रही हैं।
जानकारी के मुताबिक पहली घटना छुरा क्षेत्र के भैरा नवापारा की है। बताया जा रहा है कि शनिवार को दो युवक साइकिल से पुल पार कर रहे थे। इसी दौरान नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और दोनों साइकिल समेत पानी में जा गिरे। हादसे के दौरान एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन डिगेश्वर यादव तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनकी तलाश शुरू की गई। इसके बाद रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया। लेकिन कई घंटे की तलाश के बावजूद डिगेश्वर यादव का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस पुल से होकर लोग रोजाना आवागमन करते हैं, उसकी हालत जर्जर है और पुल पर सुरक्षा के लिए रेलिंग तक नहीं है। बारिश के दिनों में नाले का जलस्तर बढ़ने और बहाव तेज होने के बाद यह रास्ता बेहद खतरनाक हो जाता है। दूसरी घटना कोपरा एनीकट की है, जहां एक दिन पहले एक युवक तेज बहाव में बह गया था। लगातार बारिश के कारण पैरी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसी दौरान युवक एनीकट पार करने की कोशिश में तेज धार की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया।
इस घटना में भी अब तक युवक का पता नहीं चल सका है। पुलिस और SDRF की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण रेस्क्यू में काफी मुश्किलें आ रही हैं। गरियाबंद में लगातार बारिश के चलते नदी-नालों में पानी बढ़ा हुआ है। ऐसे में लापता युवकों की तलाश करना रेस्क्यू टीम के लिए भी चुनौती बना हुआ है। तेज बहाव के बीच नदी में उतरना जोखिम भरा है। यही वजह है कि SDRF और जिला नगर सेना की टीमें सावधानी के साथ अलग-अलग संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं।


