रायगढ़ 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के जरिए बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही बाधा दूर करने का झांसा देकर 40 वर्षीय महिला से दुष्कर्म और ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पूजा के बहाने उसे किराए के मकान में बुलाया और पानी में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। बेहोशी की हालत में उसके साथ जबरदस्ती की गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी महिला साथी के साथ मिलकर अलग-अलग बहानों से करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने 5 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के जरिए उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल (45) से हुई थी। आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताने और झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का दावा करता था। महिला ने शरीर में दर्द और शादी नहीं हो पाने की परेशानी बताई तो आरोपी ने पूजा-पाठ से दोनों समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और वॉट्सऐप पर बातचीत होने लगी।
पीड़िता के अनुसार, 8 मार्च को चंद्र कुमार ने उसे इलाज और पूजा-पाठ के बहाने अपने किराए के मकान में बुलाया। वहां गायत्री महंत नाम की महिला पहले से मौजूद थी। आरोपियों ने पूजा की तैयारी के नाम पर उससे कपूर, मिट्टी और लड्डू मंगवाए। इसके बाद उसे नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने के लिए कहा गया। महिला का आरोप है कि पूजा के दौरान चंद्र कुमार ने अभिमंत्रित जल बताकर उसे पानी पिलाया। कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर विरोध करने के बावजूद आरोपी बीमारी ठीक करने और शादी की बाधा दूर करने का हवाला देता रहा।
पूजा और बिजनेस के नाम पर वसूले 6 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। बाद में वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर भी उससे पैसे लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। जब महिला को लगा कि उसकी परेशानी दूर नहीं हुई और उसके साथ धोखाधड़ी की गई है, तो उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि इस पर उसे डराया-धमकाया गया। शिकायत के बाद घरघोड़ा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री महंत पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों पर मिलकर महिला को झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर अपने जाल में फंसाने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


