दुर्ग 9 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के जुनवानी इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। स्मृतिनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ली-वेलनेस स्पा सेंटर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर के मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सेंटर में आने वाले ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे और इसके बाद महिला दलाल के माध्यम से लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक स्मृतिनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने टीम गठित की और सेंटर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर स्पा सेंटर का मैनेजर, महिला दलाल, ग्राहक और अन्य लोग मौके पर मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच के बाद मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार जांच में स्पा सेंटर के मैनेजर तनय सोनी (23) की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि वह ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने की व्यवस्था करता था।
वहीं, पुलिस ने हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32) को महिला दलाल के तौर पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिलाओं को बुलाने और ग्राहकों से संपर्क कराने में उसकी भूमिका थी। पुलिस का कहना है कि मामले में सेंटर के संचालन और वहां आने वाले लोगों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 19 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मोबाइल की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये है। इसके अलावा ग्राहकों से प्राप्त 1900 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
नौ लोगों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तनय सोनी, हेमा सिंह उर्फ प्रीत, रूपेन्द्र जंघेल, रितिक सोनी, दिनेन्द्र कुमार सोनी, हेमंत सिन्हा, अविनाश शर्मा उर्फ अभी, आनंद कुमार और अरुण पांडेय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस अब जब्त किए गए 19 मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले की विवेचना जारी है।


