कोरबा 5 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित NTPC के 2600 मेगावाट क्षमता वाले पावर प्लांट में शुक्रवार शाम तकनीकी खराबी के बाद ठप हुआ बिजली उत्पादन अब धीरे-धीरे बहाल हो रहा है. करीब 24 घंटे बाद प्लांट की तीन यूनिट को दोबारा उत्पादन में ले लिया गया है. NTPC प्रबंधन के मुताबिक, 500-500 मेगावाट की दो यूनिट और 200 मेगावाट की एक यूनिट को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है. बाकी चार यूनिट को भी तय सुरक्षा और ऑपरेशनल प्रक्रियाओं के तहत क्रमवार शुरू करने का काम जारी है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की ओर से बे-ब्रेकर की टेस्टिंग के दौरान तकनीकी फॉल्ट आया था. इसके बाद NTPC कोरबा पावर स्टेशन की सभी सात जनरेटिंग यूनिट एक साथ बंद हो गईं और करीब 2600 मेगावाट बिजली उत्पादन ठप हो गया. सभी यूनिट के एक साथ बंद होने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ा. छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा समेत कई राज्यों में बिजली सप्लाई प्रभावित होने की जानकारी सामने आई.
युद्धस्तर पर चला सुधार कार्य
फॉल्ट के बाद NTPC की तकनीकी टीम ने बंद यूनिट को जल्द से जल्द उत्पादन में वापस लाने के लिए सुधार कार्य शुरू किया. करीब 24 घंटे के भीतर तीन यूनिट को फिर से उत्पादन में लाया गया है. फिलहाल चार यूनिट बंद हैं और इन्हें जल्द शुरू करने के लिए काम जारी है. हालांकि, NTPC प्रबंधन इन यूनिट को जल्दबाजी में शुरू करने के बजाय निर्धारित सुरक्षा मानकों और ऑपरेशनल प्रक्रिया के अनुसार क्रमवार चालू कर रहा है. इससे NTPC कोरबा पावर स्टेशन में बिजली उत्पादन पूरी क्षमता तक बहाल होने में अभी कुछ और समय लग सकता है.


