भिलाई 8 सितंबर 2026। भिलाई स्टील प्लांट में सामने आए लोहा चोरी के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा लोहा चोरी के तार मुख्यमंत्री निवास से जुड़े होने का आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा सांसद विजय बघेल ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। विजय बघेल ने कहा कि किसी भी अपराध को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। आरोपी का संबंध किसी भी राजनीतिक दल से हो, अपराधी को अपराधी और चोर को चोर ही माना जाना चाहिए। विजय बघेल ने कहा कि लोहा चोरी मामले में यदि भाजपा से जुड़े किसी पदाधिकारी या व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक दल से जुड़ाव किसी अपराध को छोटा नहीं कर देता।
गौरतलब है कि भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रूपये के लोहा चोरी के मामले को लेकर सियासी तापमान बढ़ा हुआ है। इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने चोरी के तार मुख्यमंत्री निवास से जुड़ने का गंभीर आरोप लगाया था। बज के इस कथित कनेक्शन वाले आरोप पर दुर्ग से बीजेपी सांसद विजय बघेल ने कांग्रेस के पुराने विवादों का हवाला देते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने कार्यकाल और अपने नेताओं से जुड़े मामलों को भी देखना चाहिए। इसी दौरान विजय बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे का जिक्र करते हुए उनके जेल जाने की बात कही। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के कार्यकाल में मुख्यमंत्री के परिवार और उनसे जुड़े लोगों को लेकर गंभीर आरोप लगे थे, तब राजनीतिक दलों का रुख क्या था।
विजय बघेल ने दीपक बैज के बयानों को कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से भी जोड़ दिया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष तक जो बातें पहुंचती हैं, वे उसी के आधार पर बयान देते हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस में एकजुटता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के नेता एक-दूसरे पर ही निशाना साधने में लगे हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि अपराध का फैसला राजनीतिक दल देखकर नहीं किया जा सकता। अगर आरोपी भाजपा से जुड़ा है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए और अगर किसी अन्य दल से जुड़ा है तो उसके खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने पुलिस जांच पर भरोसा जताते हुए कहा कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। मामले से जुड़ी जानकारी पुलिस अधिकारियों और एसपी के माध्यम से सामने आ सकती है।
CBI-ED जांच की मांग पर क्या बोले विजय बघेल ?
गौरतलब है कि भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी के मामले में वैशाली नगर भिलाई से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने इस पूर मामले की CBI-ED से जांच की मांग की है। बीजेपी विधायक के निष्पक्ष जांच की इस मांग पर जब सांसद विजय बघेल से सवाल किया गया, तो उन्होने सीधे तौर पर टिप्पणी करने के बजाय कहा कि इस मांग को लेकर संबंधित विधायक से ही सवाल किया जाना बेहतर होगा। BSP लोहा चोरी प्रकरण में अब जांच के साथ-साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। एक तरफ कांग्रेस इसे सरकार और प्रशासन की जवाबदेही से जोड़ रही है, तो दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि अपराध को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई पर ध्यान दिया जाना चाहिए। फिलहाल इस पूरे मामले में लोहा चोरी के आरोपों की जांच, कथित राजनीतिक कनेक्शन और CBI-ED जांच की मांग आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की सियासत का बड़ा मुद्दा बन सकती है।


