रायपुर 9 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस कमिश्नरेट में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने कई थाना प्रभारियों के तबादले और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में शहर के कई महत्वपूर्ण थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक राजेश सिंह को टिकरापारा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं यहां थाना प्रभारी रहे राजेश कुमार मरई को पुलिस लाइन भेजा गया है। इसी क्रम में अर्चना धुरंधर को आजाद चौक थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कृष्ण कुमार साहू अब गोलबाजार थाना के नए प्रभारी होंगे। इसके अलावा धीरेन्द्र कुमार तिवारी को जिविशा प्रभारी बनाया गया है। तबादला सूची में TI आनंद सोनी का भी नाम शामिल है।
उन्हें पुलिस लाइन से हटाकर यातायात विभाग में पदस्थ किया गया है। वहीं राजश्री मौर्य को महिला थाना की नई प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुए इस फेरबदल के बाद अब कई थाना क्षेत्रों में नए प्रभारी कमान संभालेंगे। शहर में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर इन नई पदस्थापना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।



