रायपुर 31 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में नगर निगम के भीतर कथित मारपीट का मामला अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-4 में पदस्थ जोन आयुक्त के वाहन चालक की शिकायत पर बीजेपी पार्षद और जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा के बेटे अनिल शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित वाहन चालक का वीडियों सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद राजनीति गरमा गयी है। कोतवाली पुलिस ने अनिल शर्मा पर अपराध दर्ज होने की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक मामला रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक जोन क्रमांक-4 में पदस्थ आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी के वाहन चालक योगेंद्र साहू को 30 जुलाई को नगर निगम कार्यालय बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही जोन अध्यक्ष और बीजेपी पार्षद मुरली शर्मा के बेटे अनिल शर्मा ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर कथित तौर पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि इस हमले में उसके सिर और हाथ की कलाई में चोट आई है।
शिकायत में वाहन चालक योगेंद्र साहू ने यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान जोन आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी के साथ भी अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि आरोपी पहले भी निगम कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट कर चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अनिल शर्मा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच अधिकारों और कार्यशैली को लेकर समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं। अब सत्ताधारी दल के पार्षद पुत्र से जुड़े इस विवाद पर पुलिस में एफआईआर दर्ज होने से विपक्ष को भी सरकार पर हमला बोलने का मौका मिल गया है। फिलहाल इस मामले में आरोपी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


