बलरामपुर 16 जुलाई 2026। बलरामपुर जिले में धान रोपाई से लौट रही महिला मजदूरों से भरी एक पिकअप बुधवार शाम अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। वाहन में 20 से 25 महिला मजदूर सवार थीं, जिनमें कई अन्य को भी चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना हादसे की वजह माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जारगिम-जुड़वानी के पास हुई। पुलिस के अनुसार परेवा गांव की महिला मजदूरों को धान की रोपाई के लिए जारगिम-जुड़वानी ले जाया गया था। शाम करीब छह बजे सभी मजदूर पिकअप से वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में एक मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में परेवा निवासी विमला नगेशिया और कामेश्वरी पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कई महिलाएं घायल हो गईं। सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज शंकरगढ़ अस्पताल में जारी है।
शंकरगढ़ थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूरों को लेकर लौट रही पिकअप ने रास्ते में एक अन्य पिकअप को टक्कर मार दी थी। इसके बाद ग्रामीणों के पीछा करने के डर से चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर भागने लगा। इसी दौरान एक मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की भूमिका और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

