रायगढ़ 3 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले के लैलूंगा स्थित शासकीय महाविद्यालय में प्रोफेसर और एक युवती के बीच कथित अश्लील मैसेज विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। दो दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में युवती अपने होेने वाले मंगेतर के साथ प्रोफेसर के घर पहुंचकर जमकर हंगामा और मारपीट करती नजर आई थी। इस घटना के बाद अब एक नए कथित वायरल वीडियो ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है। कथित वीडियो में युवती प्रोफेसर से ढाई लाख रुपये की मांग करती सुनाई दे रही है।
रायगढ़ में प्रोफेसर और युवती के बीच शुरू हुआ विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कल तक वायरल एक वीडियों में जहां युवती कालेज के प्रोफेसर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और सेक्स के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा रही थी। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया में एक औैर वीडियों वायरल हो रहा है। इस कथित वीडियो में युवती प्रोफेसर से ढाई लाख रुपये की मांग करती सुनाई दे रही है। वीडियों में रकम नहीं देने पर घर और गाड़ी बेचने तक की बात कहते हुए कथित धमकी दिए जाने का दावा भी किया जा रहा है।
हालांकि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है। इस नए वीडियो के सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। शुरुआती घटनाक्रम में जहां प्रोफेसर पर अश्लील मैसेेज भेजने के आरोपों के चलते लोगों की सहानुभूति युवती के साथ दिखाई दे रही थी। वहीं अब सोशल मीडिया पर कुछ लोग इस मामले में कथित ब्लैकमेलिंग की आशंका भी जता रहे हैं। हालांकि इन आरोप और दावों की पुष्टि फिलहाल जांच के बाद ही हो सकेगी। लैलूंगा थाना पुलिस के लिए यह मामला और अधिक जटिल हो गया है।
अब तक जांच का केंद्र प्रोफेसर रेमन भार्गव पर लगे कथित अश्लील व्हाट्सएप और टेलीग्राम संदेशों के आरोप थे। लेकिन नए कथित वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस को उसकी प्रामाणिकता, वीडियो की फोरेंसिक जांच, ऑडियो की सत्यता और उसमें किए गए कथित दावों की भी पड़ताल करनी होगी। यदि जांच में वीडियो वास्तविक पाया जाता है, तो मामले के कानूनी पहलुओं और जांच की दिशा दोनों में बदलाव आ सकता है। वहीं यदि वीडियो से छेड़छाड़ या किसी प्रकार की एडिटिंग सामने आती है, तो उस पहलू की भी अलग से जांच होगी।
फिलहाल इस पूरे मामले में आरोप और प्रत्यारोप दोनों सामने हैं। एक ओर प्रोफेसर पर युवती ने अश्लील मैसेज भेजने और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं, तो दूसरी ओर नए कथित वायरल वीडियो ने युवती और उसके मंगेतर की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी भी पक्ष को दोषी या निर्दोष मानना जल्दबाजी होगी। अब इस मामले की सच्चाई पुलिस जांच, डिजिटल फोरेंसिक रिपोर्ट और उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही सामने आ सकेगी।

