जशपुर 2 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोने के शक में एक बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक बगीचा थाना क्षेत्र में 68 वर्षीय जोयो राम की बोलेरो से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने इस मामले में 21 वर्षीय दीपक यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल बोलेरो भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को जोयो राम की मौत की सूचना मिलने पर बगीचा थाने में मर्ग कायम किया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया। पंचनामा के दौरान मृतक के सिर, माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने को मौत का कारण बताया गया। हालांकि पुलिस की जांच के दौरान घटना की परिस्थितियां सामान्य सड़क दुर्घटना से मेल नहीं खाईं।
इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों, आसपास के लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि जोयो राम को जानबूझकर बोलेरो से टक्कर मारी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया। पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि आरोपी दीपक यादव, उसके पिता कुरसों यादव और चाचा परमेश्वर राम को शक था कि जोयो राम की पत्नी तंत्र-मंत्र और जादू-टोना करती है। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी पक्ष के परिवार के कई सदस्यों के बीमार होने की बात कही जा रही थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद और रंजिश चल रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पक्ष ने पहले मृतक की पत्नी को जादू-टोना करने के आरोप में समझाने की कोशिश की थी। पुरानी रंजिश और अंधविश्वास के चलते ही जोयो राम को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। संदेह के आधार पर पुलिस ने दीपक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि 29 सितंबर की दोपहर अपने पिता और चाचा के साथ मिलकर जोयो राम की हत्या की योजना बनाई। उन्हें पता था कि जोयो राम मक्के के खेत की ओर जाते हैं।
उसी दिन शाम करीब चार बजे दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो क्रमांक CG 14 MC 5946 लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। उस समय जोयो राम मुख्य सड़क से करीब पांच से दस मीटर दूर अपने मक्के के खेत के सामने खड़ा था।। इस दौरान दीपक ने पहले बोलेरो को आगे निकाला और फिर वाहन को वापस मोड़कर जोयो राम की तरफ तेज गति से ले गया। इसके बाद बोलेरो से जानबूझकर जोयो राम को टक्कर मारकर कुचल दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण जोयो राम की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार घटना के बाद दीपक यादव बोलेरो लेकर बगीचा की ओर चला गया। कथित तौर पर हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई, ताकि पुलिस को घटना की वास्तविक वजह का पता न चल सके। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल, चोटों की प्रकृति, प्रत्यक्ष एवं अन्य गवाहों के बयान और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच के दौरान दीपक यादव से पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े तथ्य सामने आए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बोलेरो को जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वाहन आरोपी पक्ष की ओर से पेश किया गया, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई की गई। इस मामले में बगीचा थाने में BNS की धारा 103(1), 61(2) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में उसके पिता और चाचा की भूमिका समेत पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


