रायपुर 31 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शनिवार को दिवंगत भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित उनके गृहग्राम भेंड्रा पहुंचेंगे और पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई देंगे। कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था। दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर आज शनिवार सुबह विमान से रायपुर एयरपोर्ट लाया गया। यहां से पार्थिव देह सुबह 10.15 बजे भिलाई स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचेगी।
वहां सुबह 11 बजे तक परिजनों, समर्थकों और आम लोगों के लिए अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का समय रखा गया है। इसके बाद सुबह 11 बजे पार्थिव शरीर भिलाई-3 निवास से रवाना होकर 11.30 बजे जवाहर नगर, दुर्ग पहुंचेगा। यहां दोपहर 12.30 बजे तक अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके गृहग्राम भेंड्रा ले जाया जाएगा। दोपहर 1 बजे पार्थिव देह गांव पहुंचेगी, जहां दोपहर 2 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आपको बता दे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। वे पहली बार वर्ष 2008 में अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से दूसरी बार जीत दर्ज की। वे अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रहे। उनके निधन से भाजपा और राजनीतिक जगत में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधियों और नेताओं के उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचने की संभावना है।


