रायपुर 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में किसानों को वितरित किए जा रहे हल्दी बीज में अनियमितता और भ्रष्टाचार की शिकायत सामने आने के बाद कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायत को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की तत्काल विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कृषि मंत्री ने कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग को भेजे पत्र में शिकायत से जुड़े तथ्यों की बिंदुवार जांच कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट देने को कहा है।
मंत्री ने 10 सितंबर को विभागीय स्तर पर भेजे गए पत्र का भी उल्लेख करते हुए जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान हल्दी बीज के प्रमाणीकरण, टैग, लॉट नंबर और एक्सपायरी डेट की सत्यता की जांच की जाएगी। इसके साथ ही किसानों को उपलब्ध कराए गए बीज की आपूर्ति दरों का औचित्य भी जांच के दायरे में रहेगा। मंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि लाभार्थी किसानों को नियमों के मुताबिक निर्धारित सामग्री और वांछित मात्रा मिली या नहीं, इसकी जांच की जाए।
संबंधित भुगतान नियमों के अनुसार किया गया या नहीं, इसका भी परीक्षण कराया जाएगा। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को पूरे मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई से तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि किसानों के हित में संचालित योजनाओं और बीज वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जांच में यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


