बलरामपुर 7 अगस्त 2026। बलरामपुर जिले में महिला शिक्षक से दुर्व्यवहार के मामले में प्रभारी प्रधान पाठक को सस्पेंड कर दिया है। बताया जा रहा है कि वाड्रफनगर विकासखंड के पूर्व माध्यमिक शाला भरुहिबांस के प्रभारी प्रधान पाठक पर महिला शिक्षिकाओं ने दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाये थे। कलेक्टर के निर्देश पर हुए जांच के बाद शिकायत की पुष्टि होने पर संयुक्त संचालक शिक्षा ने प्रभारी प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला बलरामपुर जिला के वाड्रफनगर विकासखंड का है। बताया जा रहा है कि यहां के पूर्व मा.शाला भरूहिबांस में प्रभारी प्रधान पाठक के पद पर मनोज कुमार गुप्ता की पदस्थापना थी। स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने प्रभारी प्रधान पाठक पर दुव्र्यवहार के गंभीर आरोप लगाये थे। महिला शिक्षिका की शिकायत पर कलेक्टर ने जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा को जांच के आदेश दिये थे। जांच के दौरान विद्यालय में पदस्थ दो महिला शिक्षिकाओं द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाए जाने के बाद संयुक्त संचालक शिक्षा ने प्रभारी प्रधान पाठक मनोज कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। शिक्षा विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या अनुचित व्यवहार को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता को सामने लाता है। फिलहाल विभागीय कार्रवाई के बाद मामले की आगे की प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।

