कवर्धा 10 अगस्त 2026। कवर्धा जिले में भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार केमिकल टैंकर से बाइक सवार टकरा गये। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। वहीं टैंकर का आरोपी चालक एक्सीडेंट के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस घटना पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक मुड़घुसरी जंगल क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों सोमवार की रात बाइक से कवर्धा से बोड़ला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिंघनपुरी गांव के पास सड़क पर बैठे मवेशी से बाइक की टक्कर हो गई। जिससे अनियंत्रित बाइक सामने से आ रहे केमिकल टैंकर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस की जांच में मृतकों में एक युवक की पहचान मुडघुसरी बोडला निवासी रामाधार पटेल और बीरबल पटेल के रूप में हुई है। वहीं इस भीषण हादसे के बाद टैंकर का चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

