रायपुर 7 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर को जेल भेजने के दौरान हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पहले थाने में हंगामा किया, फिर पुलिस वाहन का रास्ता रोककर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों और थाने को पेट्रोल बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर हालात पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ रायपुर कलेक्टर के आदेश पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई थी। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे गोबरा नवापारा थाने लाया गया, जहां उसके परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में पहुंच गए। इस दौरान कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा और गाली-गलौज की गई। पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के बाद जब आरोपी को जेल ले जाया जा रहा था। तभी ग्राम बजरंगपुर के पास दो से तीन चारपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर पुलिस वाहन को रोक दिया गया।
आरोप है कि समर्थकों ने आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए पेट्रोल बम से थाना और पुलिस बल को उड़ाने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और आवश्यक बल प्रयोग कर आरोपी को सुरक्षित पुलिस अभिरक्षा में रखा। इसके बाद टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी को कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने रास्ता रोकने में इस्तेमाल किए गए वाहनों को जब्त कर लिया है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूरे घटनाक्रम के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हंगामा, सरकारी कार्य में बाधा, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने जैसी गंभीर प्रवृत्ति को सामने लाती है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पुलिस इस मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करती है।


