रायपुर10 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। राजधानी के शहरी क्षेत्र में महिला के साथ गैंगरेप की वारदात ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले महिला को शराब पिलाई और फिर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला को दूसरे स्थान पर ले जाकर दोबारा गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस वारदात में शामिल एक नाबालिग समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर जिले के चकरभाठा इलाके की रहने वाली 23 वर्षीय महिला शनिवार देर रात सरोना शराब भट्ठी के पास काम की तलाश में बैठी थी। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और उससे बातचीत करने लगे। आरोप है कि तीनों युवकों ने वहां शराब पी और महिला को भी शराब पिलाई। इसके बाद तीनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों पर यह भी आरोप है कि इसके बाद वे महिला को बाइक पर बैठाकर आमापारा स्थित आरण्डी-तिवारी सरकारी स्कूल मैदान ले गए।
वहां भी महिला को शराब पिलाई और खाना खिलाने के बाद उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। रविवार सुबह स्कूल के चौकीदार की नजर मैदान में पड़ी महिला पर गई, महिला बेहोशी की हालत में थी। चौकीदार ने इसकी सूचना आजाद चौक थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। आजाद चौक थाना पुलिस ने इस वाारदात पर शून्य में अपराध दर्ज कर डीडी नगर थाना को केस डायरी ट्रांसफर कर दिया गया।
महिला के साथ हुए गैंगरेप की वारदात पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सरोना से लेकर आमापारा तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रायपुर निवासी शिवा, आयुष दुर्गा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला दो महीने पहले ही रायपुर पहुंची थी। वह छेरीखेड़ी स्थित एक शादी हॉल में मजदूरी का काम कर रही थी। काम खत्म होने के बाद उसे वहां से हटा दिया गया था। इसके बाद वह रायपुर में लगातार काम की तलाश कर रही थी।


