रायपुर 3 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने 2024 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारियों को पहली बार मैदानी जिम्मेदारी सौंप दी है। अब तक वन मुख्यालय में पदस्थ रहे पांचों अधिकारियों को अलग-अलग वन मंडलों में उप वन मंडलाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से वन संरक्षण और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कुणाल मिश्रा को सरगुजा, मृगजा जालिंदर यादव को कटघोरा, परख सारडा को सुकमा, प्रीति यादव को नारायणपुर और यशस्वी मौर्या को राजनांदगांव वन मंडल में उप वन मंडलाधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है। यह पांचों अधिकारियों की पहली फील्ड पोस्टिंग है।
अब वे अपने-अपने वन मंडलों में वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, पौधारोपण, वन अपराधों की रोकथाम और विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने से संबंधित वन मंडलों में प्रशासनिक गतिविधियों को गति मिलेगी। साथ ही जमीनी स्तर पर निगरानी और संरक्षण कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।
प्रदेश के वन क्षेत्र में संरक्षण और प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विभागीय योजनाओं और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।



