कोरबा 10 जुलाई 2026। कोरबा जिले में पंचायत स्तर पर कथित वित्तीय अनियमितता औैर गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है। पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया की सरपंच हेमलता बघेल को 37 लाख 26 हजार रुपये सरकारी राशि के गबन के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम न्यायालय की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। इस घटना ने एक बार फिर पंचायतों में वित्तीय पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत गुरसिया के स्थानीय ग्रामवासियों ने सरपंच हेमलता बघेल के खिलाफ गंभीर वित्तीय अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायत के बाद जांच शुरू की गयी। जांच में पाया गया कि महिला सरपंच हेमलता ने तत्कालीन पंचायत सचिव रविद्र कुमार सिंह के साथ संयुक्त हस्ताक्क्षर के जरिए ग्राम पंचायत के सरकारी खाते से 37.26 लाख रुपये स्वीकृत निर्माण कार्यों की राशि अपने निजी बचत खाते में स्थानांतरित कर दी।
जांच में इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता और गबन की श्रेणी का मामला माना गया है।एसडीएम न्यायालय के आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया जांच में वित्तीय नियमों के उल्लंघन और सरकारी धन के दुरुपयोग के पर्याप्त आधार मिले हैं। लिहाजा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, के तहत सरपंच हेमलता बघेल को तत्काल प्रभाव से पद से निलंबित कर दिया गया है।


