जांजगीर-चांपा 16 अगस्त 2026। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर कथित तौर पर डुप्लीकेट ऑयल बेचने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली और चांपा पुलिस की टीम ने तीन दुकानों पर छापेमारी कर करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का 56 नग कथित डुप्लीकेट ऑयल जब्त किया है। इसमें 44 बड़े बकेट और 12 छोटे केन शामिल हैं। जांजगीर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में नकली पेट्रोलियम ऑयल और अन्य डुप्लीकेट उत्पाद बेचने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को इलाके में कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट उत्पाद बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर नकली और डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री के खिलाफ जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चांपा और जांजगीर क्षेत्र की संदिग्ध दुकानों की जांच की। पुलिस के अनुसार, तीन दुकान संचालकों के कब्जे से HPCL के नाम और पैकिंग में पेट्रोलियम ऑयल बरामद हुआ।
प्रथम दृष्टया उत्पादों के अधिकृत कंपनी के नाम और पैकिंग का कथित तौर पर दुरुपयोग कर ग्राहकों को डुप्लीकेट पेट्रोलियम ऑयल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है। अब उत्पादों की गुणवत्ता, कंपनी से संबंध और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में सुरेश कुमार अग्रवाल, अमन शर्मा और नीरज अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री के संबंध में दस्तावेज और बिक्री से जुड़ी जानकारी की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील- नकली सामान की सूचना दें
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नकली और डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री से ग्राहकों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ उत्पाद की गुणवत्ता के कारण नुकसान भी हो सकता है। इसलिए आम लोगों से अपील की गई है कि अगर कहीं कंपनी के नाम पर नकली या डुप्लीकेट सामान बेचे जाने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। फिलहाल जब्त तेल की जांच और सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उत्पाद किस स्तर पर नकली थे और इनके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क सक्रिय था या नहीं।


