बिलासपुर 30 सितंबर 2026। न्यायधानी बिलासपुर में गरबा सीखने जा रही 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक युवती को कुंदन पैलेस छोड़ने के बजाय व्यापार विहार स्थित रेलवे डिपो के पास सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने युवती को डराने-धमकाने के बाद दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 27 सितंबर की रात की है। युवती गरबा सीखने के लिए कुंदन पैलेस जाने निकली थी। इसी दौरान वह नीले रंग के ई-रिक्शा में सवार हुई और चालक से उसे कुंदन पैलेस छोड़ने के लिए कहा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चालक उसे निर्धारित स्थान पर ले जाने के बजाय बहलाता रहा। आरोप है कि इसके बाद वह युवती को व्यापार विहार स्थित एफसीआई गोदाम चौक से आगे रेलवे डिपो के गेट नंबर-3 की ओर एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और मुंह दबाकर दुष्कर्म किया।
घटना के बाद युवती ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान करन दरभे, निवासी खमतराई, सरकंडा क्षेत्र के रूप में की है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


