बिलासपुर 30 अगस्त 2026। बिलासपुर में दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। सीपत क्षेत्र के कौड़िया गांव की एक नवविवाहिता ने अपने पति और सास पर दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से जबरन कीटनाशक पिला दिया। तबीयत बिगड़ने के बाद महिला को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिन तक उसका इलाज चला।पीड़िता की शिकायत पर सीपत पुलिस ने पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सिरगिट्टी क्षेत्र के सिलपहरी निवासी नीलम की शादी दिसंबर 2024 में राक कौड़िया निवासी बलराम प्रजापति से हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, शादी में उसके परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार फ्रिज, टीवी, कूलर, आलमारी, बेड समेत घरेलू सामान और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। महिला का आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद पति ने मायके से बुलेट मोटरसाइकिल लाने या उसे खरीदने के लिए पैसे लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।पीड़िता ने अपनी शिकायत में सास लक्ष्मी कुम्हार पर भी उसके सोने-चांदी के गहने मांगने का आरोप लगाया है।
महिला के मुताबिक, गहने नहीं देने पर पति और सास मिलकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे। उसका आरोप है कि पति आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता था। जब वह सास से पति की शिकायत करती तो सास भी उसका साथ देने के बजाय मायके से दहेज लाने के लिए दबाव बनाती थी। पीड़िता के मुताबिक, 27 मई 2026 को पति ने बुलेट के लिए फिर दबाव बनाया। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और दहेज नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन कीटनाशक पिला दिया गया। कीटनाशक पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं। इसके बाद उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिन तक इलाज चला।
पति पर खुद जहर पीने और गलत जानकारी देने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके पति ने उसे फंसाने के लिए खुद भी थोड़ा जहर पी लिया और उसके परिवार वालों को यह गलत जानकारी दी कि महिला ने खुद जहर खाया है। इलाज के बाद पीड़िता अपने मायके लौट गई। उसने पहले महिला थाना में भी शिकायत की थी, लेकिन उसके मुताबिक पति वहां उपस्थित नहीं हुआ। अब पीड़िता ने सीपत थाने में शिकायत देकर पति और सास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस महिला द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जबरन कीटनाशक पिलाने के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


