बिलासपुर 15 सितंबर 2026। न्यायधानी बिलासपुर में गणेश उत्सव के बीच गणेश पंडाल में युवक की हत्या की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सकरी के ग्राम संबलपुरी में डीजे साउंड को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। पंडाल के पास हुए हत्या की वारदात से मौके पर हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी हत्या करने के बाद भी पंडाल के पास चाकू लेकर घूमता रहा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम ग्राम संबलपुरी में बने गणेश पंडाल का है। पुलिस के मुताबिक सोमवार 14 सितंबर की शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी मौजूद थे। दोनों के बीच डीजे के साउंड सिस्टम को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान अमन ने आकाश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। वारदात के बाद पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आकाश को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है। वह दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। गणेश उत्सव जैसे त्योहारी सीजन में पुलिस और प्रशासन की ओर से भीड़भाड़ वाले इलाकों, गणेश पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ ही गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने का दावा किया जाता है।
ऐसे में गणेश पंडाल के पास हुई यह हत्या कई सवाल खड़े करती है। सवाल सिर्फ एक युवक की हत्या का नहीं, बल्कि यह भी है कि त्योहारी माहौल में पुलिस की सख्ती और निगरानी के बावजूद नशे और आपराधिक प्रवृत्ति से जुड़े युवकों में कानून का खौफ कितना है ? इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल जरूर खड़ा किया है कि निगरानी और सख्ती के दावों के बावजूद नशेड़ी और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर प्रभावी नियंत्रण कैसे सुनिश्चित किया जाए, ताकि त्योहार का माहौल हिंसा और अपराध में न बदले।


