कोरबा 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कोरबा प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में प्रदेश सरकार और कोरबा के क्षेत्रीय विधायक एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए। डॉ. महंत ने तंज कसते हुए कहा कि “आपके यहां के मंत्रीजी कंबल ओढ़कर कैसे घी पीते हैं, रेत के खदान कैसे दिए जाते हैं, बालकों में कौन-कौन काम कर रहा है, वो पता करो तो पता चल जाएगा। महंत यहीं नहीं रूके उन्होने आगे कहा कि…“कोयला के दलालों का पता करें तो सब पता चल जाएगा। सब मंत्रीजी के अनुशंसा से चल रहा है। ”इस बयान के जरिए नेता प्रतिपक्ष ने कोरबा में रेत और कोयले से जुड़े कारोबार को लेकर सरकार पर निशाना साधा। महंत ने अपने बयान में मंत्री के राजनीतिक भविष्य पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “मुझे नहीं लगता कि मंत्री जी का भविष्य उज्जवल है।”
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ की सियासत में बीजेपी और कांग्रेस एक-दूसरे पर लगातार हमलावर बनी हुई है। मंगलवार को कोरबा प्रवास पर पहुंचे डाॅ.चरणदास महंत ने मीडिया से चर्चा में सूबे की साय सरकार के साथ ही कोरबा विधायक और आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन पर तीखा हमला बोला। मीडिया ने जब महंत से छत्तीसगढ़ सरकार में प्रशासन के बेलगाम होने के मुद्दे पर सवाल किया, तो उन्होने दो टूक शब्दों में कह दिया कि…..”अरे भईया आपके यहां तो मंत्री है, खुद देखलो न, कंबल ओढ़कर कैसे घी पीते है…..पता लग जायेगा, रेत के खदान कैसे दिये जा रहे है, वो पता लग जायेगा। कोयले के दलालों का नाम खोजो तो पता लग जायेगा। सब मंत्रीजी के अनुशंसा से चल रहा है।
डाॅ.महंत से जब ऐसे अवैध कारोबारियों का नाम खुलासा करने पर सवाल किया गया, तब महंत ने साफ कह दिया कि….आप अगर उनके विपक्ष में एक शब्द बोलोगे तो आपके बाल बच्चे तक अंदर चले जायेंगे। इतना भय-डर बनाकर रखा गया है। प्रशासनिक और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए महंत ने कहा कि….इस सरकार में पटवारी को सस्पेंड करेंगे, कलर्क को सस्पेंड करेंगे, टीचर और सिपाही को सस्पेंड करेंगे, लेकिन एसपी को सस्पेेंड नहीं करेंगे, कलेक्टर-डिप्टी कलेक्टर को सस्पेंड नहीं करेंगे। उच्चाधिकारियों को सस्पेंड नहीं करेेंगे, ये सब आप भी देख रहे है।” डॉ. महंत का यह बयान ऐसे समय आया है जब कोरबा की स्थानीय राजनीति में खनिज, रेत और कोयले से जुड़े मुद्दे लगातार राजनीतिक बहस का हिस्सा रहे हैं। महंत ने भले ही मंत्री का नाम नहीं लिया, लेकिन “आपके यहां के मंत्रीजी” कहकर दिए गए बयान को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
आरोपों पर मंत्री पक्ष का जवाब अहम
महंत के बयान में रेत खदानों के आवंटन, कोयला कारोबार और कथित दलाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में मंत्री लखनलाल देवांगन या बीजेपी की ओर से इस बयान पर क्या जवाब आता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। नेता प्रतिपक्ष के इस हमले ने कोरबा की राजनीति में एक बार फिर रेत, कोयला और कथित राजनीतिक संरक्षण जैसे मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सियासी नजरें बीजेपी और मंत्री लखनलाल देवांगन के जवाब पर टिकी हैं।


