अंबिकापुर 25 जुलाई 2026। अंबिकापुर जिले में एक 15 वर्षीय स्कूली छात्र की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सलका गांव में रहने वाले छात्र का शव टिहरी पहाड़ी क्षेत्र के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले छात्र के साथ बुरी तरह मारपीट की गई और फिर उसके चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया गया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की वारदात पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात उदयपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान विरेंद्र कंवर (15), पिता पिकेश्वर सिंह कंवर के रूप में हुई है, जो कि सलका हाईस्कूल में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक गुरुवार शाम वह घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह टिहरी पर्वत पर योग करने पहुंचे लोगों ने जंगल में किशोर का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही सरपंच ने पुलिस को खबर दी।
मौके पर उदयपुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में छात्र के चेहरे और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर पहचान छिपाने या हत्या सुनिश्चित करने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया।उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और वह जंगल तक कैसे पहुंचा।
घटनास्थल मृतक के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।इस दर्दनाक वारदात ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में किशोरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं, जबकि गांव में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।

