कोरबा 15 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 94 फीसदी के पार पहुंच गया है। बैकुंठपुर, कोरिया समेत बांध के कैचमेंट एरिया में हो रही मूसलाधार बारिश का असर बांगो बांध पर दिखाई दे रहा है। बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने एहतियातन 7 गेट खोल दिए हैं। इन गेटों से 25 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध में इस समय करीब 31 हजार क्यूसेक पानी की आवक बताई जा रही है। जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद शाम के वक्त 2 और गेट खोले गए, जिसके बाद अब कुल 7 गेटों से पानी की निकासी की जा रही है।
बांध के गेट खोले जाने के बाद हसदेव नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। 34 ग्राम पंचायतों को लिखित चेतावनी जारी कर अलर्ट किया गया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और नदी के बढ़ते जलस्तर से दूर रहने की अपील की गई है। कैचमेंट एरिया में बारिश का सिलसिला जारी रहने के कारण बांध में पानी की आवक और बढ़ने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में जल संसाधन विभाग बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रख रहा है। जरूरत पड़ने पर गेटों से पानी की निकासी को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
हसदेव नदी के किनारे रहने वालों के लिए बढ़ी चिंता
बांगो बांध से 25 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ सकता है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर नदी के निचले इलाकों और आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ाई गई है। फिलहाल बांध में पानी की आवक और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। लगातार बारिश के बीच पांच गेटों से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती नदी किनारे बसे गांवों को सुरक्षित रखना है।


